
जामताड़ा: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीआईएम) की जिला जनरल बॉडी की बैठक बुधवार को जिला कार्यालय में वरिष्ठ जिला कमेटी सदस्य लखनलाल मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति, जन आंदोलनों तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई.


बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य सचिव मंडल सदस्य सुरजीत सिन्हा ने केंद्रीय कमेटी के निर्णयों की जानकारी दी. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, किसानों की समस्याओं और भ्रष्टाचार जैसे जनहित के मुद्दों की उपेक्षा कर रही है. उन्होंने कहा कि जनता का ध्यान मूल समस्याओं से हटाने के लिए समाज में नफरत का माहौल बनाया जा रहा है.
सुरजीत सिन्हा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर भी चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि पूर्व में हुए पुनरीक्षण के दौरान कई राज्यों, विशेषकर बिहार और पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से बाहर हो गए थे. उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पूरी सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई.

बैठक में किसानों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि किसानों को अब तक न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी नहीं मिली है तथा खाद की किल्लत और कालाबाजारी की समस्या बनी हुई है. इन मुद्दों को लेकर 22 जुलाई को जिला मुख्यालय में किसान विरोध रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया. वहीं 10 अगस्त को विभिन्न जन संगठनों के साथ देशव्यापी जेल भरो आंदोलन में जामताड़ा जिले की सक्रिय भागीदारी की घोषणा की गई.
अध्यक्ष लखनलाल मंडल ने कहा कि पार्टी के सभी जन संगठनों को अपने-अपने मुद्दों पर आम लोगों को संगठित करना होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मजदूर विरोधी कानून लागू कर रही है, जिसके खिलाफ संघर्ष को और तेज करने की आवश्यकता है.
जिला कमेटी सदस्य चंडी दास पुरी ने झारखंड में चल रहे एसआईआर अभियान की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्रगणन प्रपत्र सही ढंग से भरकर 29 जुलाई तक संबंधित बीएलओ के पास जमा करें तथा उसकी प्राप्ति रसीद अवश्य लें. साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने की अपील की.
बैठक में पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन का भी उल्लेख किया गया. पार्टी नेताओं ने सरकार से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने की मांग की.
बैठक में जिला कमेटी सदस्य विजय राणा, सचिन राणा, इब्राहिम मियां, साबिर अंसारी, गोविंद पंडित, लखी राम मुर्मू, लखी सोरेन, सुकुमार बाउरी, अशोक भंडारी, मोहन मंडल, प्रेम हांसदा सहित जिले की सभी शाखाओं के सचिव एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे. अंत में जिला कमेटी के प्रभारी सचिव संजय मेहता ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए पार्टी के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





