
सरायकेला: सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के अधीन संचालित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH) के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है. राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने संस्थान के दोनों मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने की मंजूरी दे दी है.


बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नेताजी सुभाष समूह के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि NSMCH बिहटा (पटना) में एमबीबीएस की सीटें 150 से बढ़ाकर 250 कर दी गई हैं. वहीं NSMCH आदित्यपुर में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है. यह निर्णय वर्तमान शैक्षणिक सत्र से प्रभावी होगा.
उन्हों
ने इसे संस्थान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे अधिक संख्या में विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.
प्रेस वार्ता में उन्होंने संस्थान की तीसरी बड़ी परियोजना की भी घोषणा की. उन्होंने बताया कि रांची में वर्ष 2028 तक तीसरा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल शुरू किया जाएगा. इसके लिए टाटा-रांची रिंग रोड के पास 21.20 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है.
मदन मोहन सिंह ने बताया कि इस वर्ष अक्टूबर माह में भूमि पूजन किया जाएगा. पर्यावरणीय स्वीकृति (एनवायरमेंटल क्लीयरेंस) मिलते ही निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि 30 जून 2027 तक नए मेडिकल कॉलेज की ओपीडी सेवा प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
उन्होंने विश्वास जताया कि नए मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से झारखंड में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा तथा राज्य के छात्रों को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे.





