
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत फॉरेस्ट इलाके में पेड़ से लटके मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान कर ली गई है. मृतका की पहचान सोमवारी सिंह (लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है. वह नीमड़ीह थाना क्षेत्र के रुपरु गांव की रहने वाली थीं. उनके पति का नाम रवि सिंह मुंडा बताया गया है.


जानकारी के अनुसार, सोमवारी सिंह वर्तमान में अपने परिवार के साथ कपाली ओपी क्षेत्र के कमारगोड़ा स्थित मधु महतो के मकान में किराये पर रह रही थीं. मंगलवार को फॉरेस्ट क्षेत्र में एक पेड़ से महिला का शव लटका मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. जंगल की ओर गए कुछ बच्चों ने शव को देखा और इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी.
प्रारंभिक जांच के दौरान महिला की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और पहचान के प्रयास किए. बाद में परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से मृतका की पहचान सोमवारी सिंह के रूप में हुई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है. प्रारंभिक तौर पर घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है.
सूत्रों के अनुसार, महिला का पिछले कुछ दिनों से अपने पति के साथ घरेलू विवाद चल रहा था. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





