
धनबाद: जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर दिनदहाड़े 3.20 लाख रुपये की चोरी की वारदात को ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने नाकाम कर दिया. स्कॉर्पियो सवार चार अपराधियों ने पिकअप चालक से नकदी चोरी कर फरार होने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर तीन आरोपियों को धर दबोचा. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है.


घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे की है. पुलिस के अनुसार. सब्जी व्यवसाय से जुड़े एक पिकअप चालक का चौपारण से ही स्कॉर्पियो सवार चार बदमाश पीछा कर रहे थे. तोपचांची के साहूबहियार स्थित एक होटल के पास चालक के वाहन रोकते ही आरोपियों ने पुरानी मोटरसाइकिल की चाबी से पिकअप का लॉक खोल दिया और उसमें रखे 3.20 लाख रुपये निकालकर फरार हो गए. चालक के शोर मचाते ही स्थानीय ग्रामीण सक्रिय हो गए. ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए लेदाटांड़ के पास वाहन को घेर लिया.
इस दौरान तीन आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा. सूचना पर पहुंची तोपचांची थाना पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया.
बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 3.20 लाख रुपये की पूरी नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, चार मोबाइल फोन तथा पिकअप का लॉक खोलने में इस्तेमाल किया गया पुरानी चाबियों का गुच्छा बरामद किया गया है. पुलिस ने इस मामले में तोपचांची थाना कांड संख्या 72/2026 दर्ज कर लिया है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.





