
आदित्यपुर: आरआईटी थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सोने- चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, देवी- देवताओं की मूर्तियां, सिंदूर की डिब्बियां तथा करीब 50 हजार रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात बरामद किए हैं.


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतन नाग उर्फ रतन लोहार (23) तथा करन पात्रो (26) के रूप में हुई है. दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार. 11 जुलाई को दर्ज चोरी के मामले में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा. पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया.
बरामद सामान में 10 चांदी के सिक्के, लक्ष्मी एवं गणेश की चांदी की मूर्तियां, सिंदूर की डिब्बियां, कलाई बैंड, सोने की अंगूठी, चांदी की कटोरी, मछिया, पायल, करधन एवं चाबी गुच्छा सहित अन्य सामान शामिल हैं.
मुख्य आरोपी निकला हिस्ट्रीशीटर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी रतन नाग उर्फ रतन लोहार के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें आरआईटी थाना के वर्ष 2021 और 2023 के चोरी के मामले, आदित्यपुर थाना का 2021 का मामला तथा कदमा थाना के 2023 और 2024 के मामले शामिल हैं. इससे स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से चोरी की वारदातों में संलिप्त रहा है. वहीं दूसरे आरोपी करन पात्रो के खिलाफ भी आदित्यपुर थाना में वर्ष 2025 का एक आपराधिक मामला दर्ज है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने हाल के दिनों में और किन-किन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है तथा चोरी के सामान की खरीद-बिक्री में कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस का मानना है कि पूछताछ में चोरी के नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं. पूरे मामले की जानकारी आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने दी.
Edited By Sarita Mahato





