
जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर एलपीजी गैस सब्सिडी दोबारा चालू कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपितों के पास से छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया है.


पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल एवं पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार की टीम का गठन किया गया. टीम ने बागडेहरी थाना क्षेत्र के सुद्राक्षीपुर गांव में छापेमारी कर विश्वजीत सरदार (19) को उसके घर से साइबर अपराध करते हुए गिरफ्तार किया. इसके बाद बागडेहरी-मुड़ाबेड़िया ग्रामीण सड़क स्थित पुल के समीप छापेमारी कर एक अन्य साइबर अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया.
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 42/26, दिनांक 9 जुलाई 2026 दर्ज किया गया है. दोनों आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को फोन कर एलपीजी गैस सब्सिडी बंद होने की झूठी जानकारी देते थे. इसके बाद सब्सिडी दोबारा शुरू कराने का भरोसा दिलाकर बैंक खाते एवं ओटीपी से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल करते थे और ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देते थे.
छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार तथा रिजर्व गार्ड के पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क तथा उससे जुड़े अन्य सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





