
सरायकेला: आगामी भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा शुक्रवार को सरायकेला पहुंचीं. परिसदन में उन्हें पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस अवसर पर कोल्हान प्रक्षेत्र के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा एवं सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.


परिसदन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में डीजीपी ने आगामी रथ यात्रा को लेकर जिले की विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
बैठक में कोल्हान डीआईजी अनुरंजन केस्पोट्टा, एसपी मनोज स्वर्गीयारी सहित जिले के अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने डीजीपी को रथ यात्रा के लिए तैयार किए गए सुरक्षा प्लान, दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग तथा ट्रैफिक प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी.

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार एवं झारखंड पुलिस की प्राथमिकता रथ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है. उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए. साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए. डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि रथ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है तथा रथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह





