
जामताड़ा: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई 2026 को रांची स्थित बीएनआर चाणक्य होटल में आयोजित राज्य स्तरीय उद्घाटन समारोह में जामताड़ा सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दुर्गेश झा को परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा. राज्य में लगातार छठे वर्ष महिला एवं पुरुष नसबंदी कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्जन के रूप में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा.


स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों के जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक तथा परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहियाओं को सम्मानित किया जाएगा.
डॉ. दुर्गेश झा मूल रूप से जामताड़ा जिले के मिहिजाम क्षेत्र के निवासी हैं. वर्तमान में वे सदर अस्पताल, जामताड़ा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अपने विनम्र व्यवहार, सेवाभावी कार्यशैली और मरीजों के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है.
परिवार नियोजन कार्यक्रम, विशेषकर महिला एवं पुरुष नसबंदी ऑपरेशन के सफल संचालन में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए राज्य सरकार उन्हें लगातार छठी बार राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित करने जा रही है.
डॉ. दुर्गेश झा की इस उपलब्धि से जामताड़ा जिले के स्वास्थ्य विभाग एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है. इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





