
जमशेदपुर: करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखींद्र लोहार, जगदीश मंडल, विजय महानंद तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए चापड़, कुल्हाड़ी, भुजाली और चाकू बरामद किए हैं.


मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि इस हत्याकांड में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इससे पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. वहीं, मामले का मुख्य आरोपी और दो लाख रुपये का इनामी विश्वजीत मंडल अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपी घटना के समय मौके पर मौजूद थे और हत्या में उनकी सक्रिय भूमिका रही है. जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में आरोपी लखींद्र लोहार की मौजूदगी भी स्पष्ट रूप से सामने आई है, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं.
इधर, इस मामले में गिरफ्तार डबल डाउन बार के मालिक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह को मंगलवार को मीडिया के सामने पेश नहीं किया गया. इस पर एसएसपी ने बताया कि नीरज सिंह को राजस्थान के खाटू श्याम क्षेत्र से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया जा रहा है. उनसे पूछताछ के बाद मामले में और अहम खुलासे होने की उम्मीद है.
उल्लेखनीय है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह पर चापड़ और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद पूरे शहर में भारी आक्रोश फैल गया था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए थे. फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी समेत अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है.
Edited By Sarita





