
सरायकेला: जिले में अपराध नियंत्रण और विधि- व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी मंगलवार को स्वयं बाइक पर सवार होकर आदित्यपुर थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पहुंचे. इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी अंजनी कुमार और टाइगर मोबाइल के जवानों के साथ मोटरसाइकिल गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संभावित अपराध स्थलों का भौतिक सत्यापन किया.


पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बाइक पेट्रोलिंग का उद्देश्य अपराध संभावित क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा.
एसपी ने कहा कि ड्रग्स तस्करी, छेड़खानी, असामाजिक गतिविधियों और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्ती करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने तथा पुराने हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की गतिविधियों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Edited By Sarita





