
चांडिल: थाना अंतर्गत चांडिल- कांड्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह चैनपुर के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां कोयला लेकर जा रहा हाईवा (संख्या JH 05CU0759) पुल से नीचे कैनाल में गिर गया. हादसे में चालक घायल हो गया.


स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को हाईवा से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा. घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा- तफरी का माहौल रहा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस पुल पर यह दुर्घटना हुई, वहां दोनों ओर गार्डवाल (सुरक्षा रेलिंग) नहीं है. इसके अलावा पुल काफी संकरा है, जिससे बड़े वाहनों के आवागमन के दौरान हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों के अनुसार इस स्थान पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुल पर सुरक्षा व्यवस्था का अभाव और प्रशासन की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है. उन्होंने पुल के दोनों ओर शीघ्र गार्डवाल लगाने, सड़क का चौड़ीकरण कराने तथा आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर संबंधित विभाग की उदासीनता और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





