
जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी के कदमा मंडल की ओर से सोमवार को मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरी के नेतृत्व में प्रख्यात शिक्षाविद्, भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं महान राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर कदमा स्थित सरस्वती शिशु बाल विद्या मंदिर में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया.


कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रवादी विचारों, अखंड भारत के प्रति समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है.
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मदेव शर्मा, पूर्व प्रदेश मंत्री एवं रांची ग्रामीण प्रभारी नंदजी प्रसाद, निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, पश्चिम विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि चितरंजन वर्मा सहित कदमा मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श और सिद्धांत आज भी देश के युवाओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने, राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने तथा उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया.
Edited By Sarita





