
पाकुड़: सदर प्रखंड के सिंधीपाड़ा में बंद घरों में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया है. पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी.) ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक क्षेत्र से अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गला हुआ सोना-चांदी, डेल लैपटॉप, कांसा के बर्तन, चोरी की नकदी, एक यामाहा आर-15 बाइक तथा चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी अपराधियों के खिलाफ चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं.

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर पुलिस की जांच जारी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





