
खरसावां: खुंटपानी प्रखंड के पुरूनिया उच्च विद्यालय में राज्य सरकार की “उन्नति का पहिया” योजना के तहत शुक्रवार को कक्षा 8 के 436 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया. कार्यक्रम में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाड़िया, जिला परिषद सदस्य जमुना तियु, प्रखंड प्रमुख सिद्धांत होनहागा और बीडीओ धनंजय पाठक ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को साइकिल सौंपी.


इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दूर-दराज के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि दूरी के कारण किसी की पढ़ाई प्रभावित न हो. उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया.

बीडीओ धनंजय पाठक ने विद्यार्थियों को साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी. वहीं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस योजना से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को शिक्षा से जुड़ने में बड़ी मदद मिलेगी. साइकिल पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे.
Edited By Sarita





