
रांची: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने अपने सुरक्षा गार्डों को वापस कर दिया है. साथ ही सुरक्षा गार्डों के साथ चलने वाले कारकेड की तीन बोलेरो गाड़ियां भी लौटा दी हैं.


बताया जा रहा है कि पूरा मामला 29 जून को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा को लिखे गए एक पत्र से जुड़ा है. वित्त मंत्री ने सुरक्षा गार्डों के आवागमन के लिए एक अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था. आरोप है कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी डीजीपी कार्यालय की ओर से कोई जवाब नहीं मिला. इससे नाराज होकर उन्होंने अपनी सुरक्षा व्यवस्था वापस करने का निर्णय ले लिया.
वित्त मंत्री के इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. इसे सरकार के भीतर समन्वय और प्रशासनिक संवाद से जोड़कर भी देखा जा रहा है. हालांकि इस मामले पर पुलिस मुख्यालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
Edited By Sarita





