
जमशेदपुर: बिष्टुपुर में हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में शुक्रवार को आयोजित जमशेदपुर बंद को कदमा क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिला. भाजपा कदमा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की.


भाजपा नेताओं ने दावा किया कि कदमा क्षेत्र में व्यापारियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने बंद को सहयोग दिया. पार्टी का कहना है कि लंबे समय बाद कदमा क्षेत्र में बंद का व्यापक असर देखने को मिला.

भाजपा नेता उपेंद्र गिरी ने कहा कि यह बंद केवल हिमांशु सिंह को न्याय दिलाने के लिए नहीं, बल्कि शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराध के खिलाफ जनता की आवाज है. उन्होंने सरकार से हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें कठोरतम दंड दिलाने की मांग की.

बंद अभियान में भाजपा के प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, कदमा मंडल प्रभारी विजय तिवारी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश बास्के, पूर्व युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे.
Edited By Sarita





