
जामताड़ा: जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, जामताड़ा में शुक्रवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का सफल एवं सार्थक आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही. बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था.


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन अथवा व्यवहार से जुड़ी किसी भी समस्या पर वे सीधे विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों से संवाद करें. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में विद्यालय और अभिभावकों की समान भागीदारी होती है.
शिक्षक मनोज कुमार सिंह ने विद्यार्थियों की संतुलित दिनचर्या, पौष्टिक भोजन, नियमित अध्ययन तथा पर्याप्त विश्राम की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है. वहीं शिक्षक उमेश चन्द्र मिश्र ने अभिभावकों से बच्चों के साथ प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण समय बिताने, उनकी भावनाओं को समझने तथा आत्मीय संवाद बनाए रखने की अपील की. उन्होंने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम का संचालन वर्ग शिक्षक रणधीर पांडेय ने किया. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर संवेदनशील नजर रखने तथा सकारात्मक पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके.
बैठक के समापन पर सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मादक पदार्थ निषेध की सामूहिक शपथ दिलाई गई. साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं मातृसम्मान को समर्पित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत की गई. इसके तहत विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.
इस अवसर पर विद्यालय की ईको क्लब नोडल शिक्षिका अंकित पांडेय, शिक्षक नसीम अंसारी, दिवाकर मंडल, विजयानंद तिवारी, शांतिपद गोप, रिया दे, कपिलदेव ठाकुर सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में प्रेरणादायी एवं उपयोगी कदम बताया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





