
सरायकेला: चांडिल रेलवे स्टेशन परिसर में बीती रात एक दर्दनाक हादसे में रेलवे कर्मचारी की पत्नी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद रेलवे कॉलोनी समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. मृतका की पहचान पम्मी तिवारी के रूप में हुई है, जो रेलवे कर्मचारी अनंत तिवारी की पत्नी थीं.


जानकारी के अनुसार पम्मी तिवारी गुरुवार शाम करीब पांच बजे अपने घर से रेलवे लाइन के उस पार स्थित रेलवे कॉलोनी में परिचितों से मिलने गई थीं. रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वह वापस घर लौट रही थीं. इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
रेलवे अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली. हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि रेलवे कॉलोनी में मातम का माहौल है.
फिलहाल रेलवे पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला किस ट्रेन की चपेट में आई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय पूरी सावधानी बरतें और केवल फुटओवर ब्रिज अथवा अधिकृत क्रॉसिंग का ही उपयोग करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





