
जामताड़ा: जिले में पिछले कई दिनों से जारी लो वोल्टेज की समस्या को लेकर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बुधवार को अचानक विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता कार्यालय पहुंचे. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या की समीक्षा की और तत्काल समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की.


बैठक में कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने बताया कि सामान्य रूप से जामताड़ा को मैथन से 1.32 लाख वोल्ट की सीधी बिजली आपूर्ति होती है, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण फिलहाल बिजली मैथन- दुमका- देवघर- मधुपुर होते हुए जामताड़ा पहुंच रही है. लंबी दूरी तय करने के कारण वोल्टेज में लगातार गिरावट आ रही है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने विभाग के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप करने को कहा. विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया कि तकनीकी खराबी को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर जल्द ही नियमित और पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी.
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आम लोगों को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक सरकार पूरे मामले की लगातार निगरानी करेगी.
इस दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मुक्ता मंडल, वर्षा, इरशाद उल हक समेत बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






