
धनबाद: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है. सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित होटल न्यू हरि-इन के दो कमरों में छापेमारी कर पुलिस ने नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से नकदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं.


डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बिहार, झारखंड और ओडिशा के रहने वाले युवक शामिल हैं. इनमें बिहार के आशीष कुमार, मिथिलेश ठाकुर, मो. आबिद आलम, आशुतोष कुमार आनंद और मनंजर शेर आलम, धनबाद के रोहित दॉ और महफुज आलम, ओडिशा के चन्द्रकांत परिदा तथा गोड्डा के मो. गुफरान आलम शामिल हैं.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 50 हजार रुपये नकद, 12 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 17 एटीएम कार्ड, 17 सिम कार्ड, बैंक खातों से जुड़े क्यूआर कोड, दो चेकबुक और एक पासबुक बरामद की है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े लोगों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था. विभिन्न लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से अर्जित रकम के लेनदेन के लिए किया जाता था.
पुलिस ने साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब गिरोह के मुख्य सरगना और इससे जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा






