
जामताड़ा: अवैध शराब और गांजा के बाद अब जामताड़ा जिले में ब्राउन शुगर की भी एंट्री हो गई है. पहली बार ब्राउन शुगर तस्करी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टोटो चालक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से चार पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है.


गिरफ्तार आरोपी की पहचान कायस्थपाड़ा निवासी चंदन मंडल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह टोटो चलाने की आड़ में बाहरी क्षेत्रों से ब्राउन शुगर लाकर जिले के युवाओं तक पहुंचा रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ वसीम राजा के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर उसे रंगे हाथ दबोच लिया.
इस मामले में जामताड़ा थाना कांड संख्या 87/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस ड्रग्स नेटवर्क के तार जिले के बाहर कहां तक जुड़े हैं और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि जिले में फैलते नशे के कारोबार के खिलाफ यह बड़ी सफलता है. साथ ही ब्राउन शुगर की दस्तक ने युवाओं के बीच तेजी से फैल रहे नशे के नेटवर्क को लेकर गंभीर चिंता भी बढ़ा दी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






