
सरायकेला: सरायकेला- खरसावां मुख्य मार्ग स्थित बड़बिल चौक बुधवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब मानसिक रूप से बीमार करीब 50 वर्षीय मंदरु उमंग त्रिशूल लेकर बीच सड़क पर उतर आया. उसने करीब डेढ़ घंटे तक राहगीरों को दौड़ाया, कई लोगों के साथ मारपीट की और सड़क से गुजर रहे करीब आधा दर्जन वाहनों पर त्रिशूल से हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.


घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. त्रिशूल लिए व्यक्ति के उग्र व्यवहार के कारण उसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण था. पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित तरीके से काबू में लिया और इलाज के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला पहुंचाया. प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी राह चलते लोगों को रोककर दौड़ा रहा था और विरोध करने वालों के साथ मारपीट कर रहा था. उसके डर से कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग गए. त्रिशूल से हुए हमले में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा.
परिजनों ने बताया कि मंदरु उमंग पिछले करीब 20 दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ है और घर में भी परिजनों के साथ मारपीट कर रहा था. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते हस्तक्षेप नहीं होता तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी.
प्रमोद सिंह
संपादक






