इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जामताड़ा. जिले में कांग्रेस का सदस्यता अभियान लगातार गति पकड़ रहा है. बुधवार को जामताड़ा कोर्ट रोड स्थित मंत्री आवास में कांग्रेस महिला मोर्चा की ओर से आयोजित विशेष सदस्यता अभियान के तहत नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों की 23 महिलाओं ने अन्य राजनीतिक दलों का साथ छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की. इस अवसर पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वर्षा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के दौरान सभी नई महिला सदस्यों का पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया. सदस्यता ग्रहण करने वालों में मंजू देवी, दिया कुमारी, पुनीता श्रीवास्तव, विवा राउत, प्रियंका मंडल, रिजवाना खातून, सुनीता सेन, पिंकी कुमारी, आशा देवी, बबली देवी, रेखा देवी, जबा देवी, टुम्पा देवी, आरती कुमारी, रेखा कुमारी, बबीता देवी, ममता देवी, बीना देवी, मेहनाज खातून, बेबी बीबी, पीयू चटर्जी और मानसी मंडल शामिल रहीं.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
इस मौके पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं को सम्मान और नेतृत्व देने वाली पार्टी रही है. उन्होंने नई सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना है. उन्होंने सदस्यता ग्रहण करने वाली सभी महिलाओं का अभिनंदन करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी. उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार की रक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए.
कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया. साथ ही अधिक से अधिक लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया.