Jharkhand IPS Posting ब्रेकिंग: झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एहतेशाम वकारिब बने जमशेदपुर के नए SSP, मनोज स्वर्गियारी को मिली सरायकेला- खरसावां की कमान
इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
रांची/जमशेदपुर: डबल डाउन बार हत्याकांड के बाद झारखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला- खरसावां जिले में नए पुलिस कप्तानों की नियुक्ति कर दी है. सरकार ने आईपीएस अधिकारी एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) का नया वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) बनाया है, जबकि 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला- खरसावां जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है.
मनोज स्वर्गियारी मूल रूप से असम के बोडो समुदाय से आते हैं. उनका जन्म 28 जून 1991 को हुआ था. उन्होंने आईआईटी गुवाहाटी से बी.टेक की पढ़ाई पूरी की और वर्ष 2017 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी बने.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
उल्लेखनीय है कि बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के बाद पूरे कोल्हान में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे थे. मामले को लेकर लगातार विरोध-प्रदर्शन, राजनीतिक बयानबाजी और प्रशासनिक जवाबदेही की मांग तेज हो गई थी. इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां के एसपी को पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्णय लिया था.
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. नए पुलिस अधिकारियों के सामने अब दोनों जिलों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, लोगों का भरोसा बहाल करना और चर्चित मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती होगी.