
जमशेदपुर: शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र साकची स्थित शालीमार मार्केट में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई. कथित रंगदारी की मांग का विरोध करने पर बदमाशों ने तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल है.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक शालीमार मार्केट पहुंचे और एक पान दुकान से गुटखा व सिगरेट लेने के बाद दुकानदार से 500 रुपये की रंगदारी की मांग करने लगे. दुकानदार द्वारा विरोध किए जाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया.
हमले में मिनादुल हक, एमडी ताजू और एमडी एजाज उर्फ डेनी गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस के मौके से लौटने के कुछ देर बाद ही आरोपी दोबारा बाजार पहुंचे. इस बार उनके हाथ में पिस्टल थी और उन्होंने दुकानदारों को जान से मारने की धमकी दी. आरोपियों के दोबारा आने से व्यापारियों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ गया.
शालीमार मार्केट के व्यापारियों ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
फिलहाल साकची थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे रंगदारी की मांग को प्रमुख कारण माना जा रहा है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक






