
आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र में आजाद मैदान और बंतानगर हाउसिंग एलटी क्वार्टर के बीच स्थित सड़क पूरी तरह जर्जर होकर जगह- जगह से खोखली होती जा रही है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण यहां से गुजरने वाले बाइक सवारों को रोज दुर्घटना का खतरा बना हुआ है और कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं.


स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है. लगातार सड़क टूटने से आवागमन मुश्किल होता जा रहा है और राहगीरों के साथ- साथ दोपहिया वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है.
क्षेत्रवासियों ने आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते सड़क दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की अपील की है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल






