
सरायकेला: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर पंचायत सरायकेला द्वारा नगर पंचायत सभागार में भव्य लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फुटपाथी दुकानदारों, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों एवं नगरवासियों ने भाग लिया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की उपलब्धियों को साझा करना तथा छोटे व्यवसायियों एवं महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना था.


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने छोटे व्यवसायियों और फुटपाथी दुकानदारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है. उन्होंने बताया कि नगर पंचायत सरायकेला को प्राप्त लगभग 300 आवेदनों में से 275 पात्र फुटपाथी दुकानदारों को योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराया गया है, जिससे उन्हें अपने व्यवसाय को मजबूत करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना केवल ऋण वितरण की योजना नहीं, बल्कि छोटे कारोबारियों को सम्मान, आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती प्रदान करने का एक सशक्त माध्यम है. उन्होंने लाभुकों से समय पर ऋण चुकाने, डिजिटल भुगतान अपनाने तथा अपने व्यवसाय का विस्तार करने की अपील की, ताकि भविष्य में अधिक ऋण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके.
महिला स्वयं सहायता समूहों को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं.
उन्होंने घोषणा की कि नगर पंचायत के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर नगर क्षेत्र की महिलाओं से विकास, स्वच्छता, रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे. प्राप्त प्रस्तावों में से 10 सर्वश्रेष्ठ सुझावों का चयन कर उन्हें राज्य सरकार के सहयोग से लागू करने का प्रयास किया जाएगा तथा चयनित महिलाओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा.
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड सरकार स्थानीय उत्पादों, आम, वनोपज, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है. इससे महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों एवं छोटे उद्यमियों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर सृजित होंगे.
उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर झारखंड का सपना तभी साकार होगा, जब स्थानीय उत्पादों को पहचान और बाजार दोनों मिलेंगे. कार्यक्रम में उपस्थित फुटपाथी दुकानदारों से स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित स्थानों पर व्यवसाय करने तथा नगर पंचायत के साथ मिलकर स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित सरायकेला के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई.
कार्यक्रम को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सन्नी एवं उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने भी संबोधित किया। उन्होंने फुटपाथी दुकानदारों और महिला स्वयं सहायता समूहों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया.
कार्यक्रम का सफल संचालन नगर मिशन प्रबंधक मणि मुकुट सोरेन ने किया. इस अवसर पर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि समेत बड़ी संख्या में फुटपाथी दुकानदार, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं, नगर पंचायत के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे .
प्रमोद सिंह
संपादक






