
जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान बिरसानगर रोड नंबर-3 निवासी 33 वर्षीय सावन कर्मकार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घटना से पहले वह अपनी महिला मित्र से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था.


जानकारी के अनुसार, सावन और एक महिला के बीच लंबे समय से संबंध थे. दोनों पहले से विवाहित थे और उनके बच्चे भी हैं. पिछले कुछ समय से दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था. गुरुवार देर रात भी इसी मुद्दे पर बातचीत हुई थी.
आरोप है कि वीडियो कॉल के दौरान सावन ने आत्मघाती कदम उठाने की बात कही और कुछ ही देर बाद फंदे से लटक गया. सूचना मिलने पर महिला मौके पर पहुंची. वहीं सिदगोड़ा थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और मर्सी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने महिला मित्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. वीडियो कॉल, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
Edited By Sarita






