
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आरआईटी थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच गैर जमानती वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.


आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बंतानगर निवासी विशाल कालिंदी, रायडीह बस्ती रोड नंबर-32 निवासी सिंटू कुमार, रायडीह बस्ती अंबेडकर नगर निवासी रितिक कुमार, रोड नंबर-13- 14 निवासी नितेश कुमार तथा इच्छापुर उपर टोला निवासी सोहन साहु शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार विशाल कालिंदी के खिलाफ चोरी और बरामदगी से संबंधित मामले में गैर जमानती वारंट जारी था. वहीं सिंटू कुमार और रितिक कुमार के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं से जुड़े मामले लंबित थे. नितेश कुमार पर चोरी और बरामदगी से संबंधित मामला दर्ज है, जबकि सोहन साहु के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत गैर जमानती वारंट जारी किया गया था.
थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. उन्होंने कहा कि फरार वारंटियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Edited By Sarita Mahato






