बोकारो: सेक्टर-9 स्थित मुख्य सड़क मार्ग पर रविवार दोपहर दो कारों के बीच हुई भीषण टक्कर में सड़क किनारे खड़ी तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में भर्ती कराया गया. राहत की बात यह है कि चिकित्सकों के अनुसार तीनों महिलाएं फिलहाल खतरे से बाहर हैं.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय मुख्य सड़क पर दो कारों के बीच अचानक जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे की ओर बढ़ गई. उसी समय तीन महिलाएं दूध लेने के लिए सड़क किनारे जा रही थीं, जिन्हें कार ने अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में घायल महिलाओं की पहचान सरस्वती देवी और रजनी कुमारी के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य महिला की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी. टक्कर के बाद तीनों महिलाएं सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्य सड़क पर एक कार सामान्य गति से गुजर रही थी. इसी दौरान बगल की सड़क से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी कार ने उसे साइड से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंच गया और वहां मौजूद महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया.
घटना की सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया है. वहीं दोनों वाहन चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क और लिंक रोड पर बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त निगरानी और यातायात नियमों के प्रभावी पालन की मांग की है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



