जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलीबोधन घाट के पास पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.


शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलीबोधन घाट क्षेत्र में एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता है. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने बेलीबोधन घाट इलाके में पहुंचकर घेराबंदी शुरू की. इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया.
पूछताछ में युवक की पहचान निहाल कुमार गुप्ता (19 वर्ष) के रूप में हुई. वह सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित महावीर नगर का निवासी बताया गया है. तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोगों में दहशत फैलाने और डराने- धमकाने के उद्देश्य से हथियार अपने पास रखता था. मामले में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 69/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को हथियार कहां से मिला और उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है. साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.
छापामारी अभियान में बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे. पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.



