जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. गुरुद्वारा से मत्था टेककर लौट रही एक बुजुर्ग महिला को पुलिसकर्मी बनकर आए दो शातिर ठगों ने अपना शिकार बना लिया. ठग महिला के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए और उनकी जगह नकली चूड़ियां तथा अंगूठी थमा गए.


पीड़िता की पहचान प्रकाश कौर के रूप में हुई है. घटना के बाद वह बिष्टुपुर थाना पहुंचीं और मामले की शिकायत दर्ज कराई. महिला ने बताया कि वह गुरुद्वारा से अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनके पास पहुंचे.
महिला के अनुसार दोनों युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि इलाके में हत्या की घटना हुई है और ऐसे में सोने के आभूषण पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है. उन्होंने महिला को आभूषण बैग में रखने की सलाह दी. महिला ने उनकी बात पर भरोसा करते हुए अपने जेवर बैग में रख लिए.
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने उनके हाथ से आभूषण लेकर कहा कि उन्हें इस तरह नहीं बल्कि दूसरे तरीके से रखना चाहिए. बातों में उलझाकर उसने असली सोने की चूड़ियां और अंगूठी निकाल ली तथा उनकी जगह नकली आभूषण रख दिए.
घर पहुंचने के बाद जब महिला ने बैग की जांच की तो उन्हें ठगी का पता चला. असली सोने की चूड़ियां और अंगूठी गायब थीं, जबकि उनकी जगह नकली चूड़ियां और अंगूठी रखी हुई थीं. इसके बाद उन्होंने तत्काल थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें पुलिस का पहचान पत्र भी दिखाया था, जिससे उन्हें किसी तरह का संदेह नहीं हुआ. इस घटना ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है, क्योंकि ठगों ने पुलिस की वर्दी और कथित पहचान पत्र का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल बिष्टुपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.



