मनोहरपुर:


पश्चिम सिंहभूम जिला के सारंडा वन प्रक्षेत्र अंतर्गत बिनुवा गांव के सुरीन टोला निवासी 13 वर्षीय किशोर कृष्णा सुरीन, जो बुधवार को जंगली भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया था, उसका हालचाल जानने गुरुवार को चिड़िया पंचायत समिति सदस्य सुनील दास एवं चिड़िया मुंडा विजय सिंह लागुरी सेल अस्पताल पहुंचे.
दोनों जनप्रतिनिधियों ने घायल किशोर एवं उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. राजकुमार से भी मुलाकात कर कृष्णा की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की.
पंचायत समिति सदस्य सुनील दास ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किशोर की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उसके बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने वन विभाग से बातचीत कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया.
जानकारी के अनुसार, कृष्णा सुरीन बुधवार दोपहर करीब दो बजे अपने दो दोस्तों के साथ बागुनकोचा क्षेत्र में आम तोड़ने गया था. इसी दौरान जंगल से अचानक एक जंगली भालू वहां पहुंच गया. भालू को देखते ही तीनों बच्चे भागने लगे, लेकिन भालू ने कृष्णा का पीछा कर उस पर हमला कर दिया.
हमले में भालू ने किशोर की दोनों जांघों और कमर पर नाखून से गंभीर चोट पहुंचाई. इस दौरान साथ मौजूद अन्य दो बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया, जिससे भालू जंगल की ओर भाग गया और किशोर की जान बच सकी.
घायल किशोर का इलाज फिलहाल चिड़िया स्थित सेल अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है.



