सरायकेला: जिले में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. गुरुवार को जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुधीर रंजन के नेतृत्व में सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न दुकानों में विशेष जांच अभियान चलाया गया.


अभियान के दौरान पान मसाला, गुटखा और अन्य खाद्य उत्पादों की जांच की गई. जांच में कई दुकानों पर ऐसे उत्पाद पाए गए जिन पर न तो एक्सपायरी डेट स्पष्ट रूप से अंकित थी और न ही उत्पादन तिथि का उल्लेख किया गया था. इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना गया.
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संदिग्ध उत्पादों के नमूने जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं. साथ ही दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि बिना उत्पादन तिथि और एक्सपायरी डेट वाले उत्पादों का भंडारण या बिक्री नहीं करें. विभाग ने चेतावनी दी है कि ऐसे उत्पाद उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं.
छापेमारी के दौरान कई दुकानदारों को मौके पर ही चेतावनी दी गई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि किसी दुकान में एक्सपायरी सामान या बिना आवश्यक जानकारी वाले खाद्य उत्पाद पाए गए तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुधीर रंजन ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. सभी दुकानदारों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी दुकानों में बिकने वाले प्रत्येक उत्पाद पर उत्पादन तिथि, एक्सपायरी डेट और अन्य जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित हो.
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न बाजारों और प्रतिष्ठानों में नियमित जांच अभियान जारी रहेगा.
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है. वहीं आम लोगों ने इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताते हुए विभाग की पहल का स्वागत किया है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



