बोकारो: नई दिल्ली में हुए होटल अग्निकांड के बाद बोकारो जिला प्रशासन सतर्क हो गया है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा ने जिले में संचालित सभी होटल एवं गेस्ट हाउसों की व्यापक जांच कराने का निर्देश दिया है.


जारी निर्देश के अनुसार सभी प्रतिष्ठानों की जांच राष्ट्रीय भवन संहिता (NBC) और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप की जाएगी. जांच के दौरान फायर एनओसी, लाइसेंस, भवन उपयोग की स्थिति, बेसमेंट के उपयोग, स्मोक एवं हीट डिटेक्टर, आपातकालीन निकास व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा मानकों का सत्यापन किया जाएगा.
उपायुक्त ने नगर निकायों के साथ-साथ प्रखंड स्तर पर भी जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है. संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर विस्तृत प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा गया है.
प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले में संचालित सभी होटल और गेस्ट हाउस सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें.
इस बीच उपायुक्त अजय नाथ झा ने नई दिल्ली होटल अग्निकांड में जैनामोड़ निवासी सुरभि कुमारी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की है.
रिपोर्ट :शुभम मिश्रा



