बोकारो: जिले के बेरमो क्षेत्र में गर्भवती महिला अनीता देवी की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी संतोष साव को गिरफ्तार कर लिया है. इस गिरफ्तारी के बाद कई दिनों से चल रहे आंदोलन और न्याय की मांग कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है.


बताया जाता है कि दलित, गरीब और गर्भवती अनीता देवी की कुछ दिनों पूर्व कथित रूप से कोयला चोरों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. मृतका के पति महेश भुइयां ने इस मामले में कोयला माफिया संतोष साव समेत 20 से अधिक लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए नामजद शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप था कि अनीता देवी खाना बनाने के लिए थोड़ा कोयला लेने गई थीं, इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था. पुलिस कार्रवाई में देरी के आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने आंदोलन शुरू कर दिया था. इस मामले को लेकर भाजपा ने भी मोर्चा खोल दिया और सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अभियान चलाया. बाद में आजसू पार्टी भी आंदोलन के समर्थन में उतर आई.
जनदबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन मुख्य आरोपी संतोष साव फरार चल रहा था. इसके बाद भाजपा नेताओं ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. लगातार बढ़ते दबाव और आंदोलन के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संतोष साव को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. वहीं पीड़ित परिवार और आंदोलनकारी संगठनों ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी तथा मामले में त्वरित न्याय की मांग दोहराई है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



