पलामू: जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में महिलाओं को चांदी और सोने के गहने साफ करने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से मंगलसूत्र, चांदी साफ करने वाला केमिकल, एसिड, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, कटर सहित तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं.


मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी खुर्द गांव की है. यहां दो युवक एक महिला के पास पहुंचे और उसके मंगलसूत्र को साफ करने का प्रस्ताव दिया. आरोपियों ने महिला को भरोसे में लेकर मंगलसूत्र को एक पुड़िया में लपेटकर वापस कर दिया और दावा किया कि दस मिनट बाद खोलने पर गहना चमक उठेगा.
हालांकि महिला को उनकी गतिविधियों पर संदेह हो गया. उसने तुरंत पुड़िया खोलकर देखा तो उसमें मंगलसूत्र गायब था. महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह तीन अलग-अलग टीमों में बंटकर विभिन्न गांवों में घूमता था और महिलाओं को गहने साफ करने का झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र, चांदी साफ करने वाला सफेद पाउडर, एसिड युक्त डिब्बा, लोहे के काटने वाले उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन तथा एक अपाचे, एक पल्सर और एक होंडा बाइक बरामद की है.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार अधिकांश आरोपी बिहार के सुपौल और अररिया जिले के निवासी हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी स्थानीय नहीं हैं और विभिन्न जिलों में घूम-घूमकर इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे.
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे अन्य जिलों में हुई इसी प्रकार की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अजनबी व्यक्ति के झांसे में आकर अपने कीमती गहने या सामान न सौंपें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



