जमशेदपुर: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने बुधवार को पश्चिम सिंहभूम भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचाररत गीता बालमुचू से मुलाकात के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का भी उत्साहवर्धन किया.


मीडिया से बातचीत में संजय सेठ ने झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य की आर्थिक स्थिति, शिक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर होती जा रही है और सरकार विभिन्न मोर्चों पर विफल साबित हो रही है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक परिवार की तरह कार्य करती है. उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद गीता बालमुचू लगातार संगठन की गतिविधियों की जानकारी ले रही हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि चिकित्सकों की सलाह के अनुसार वह जल्द स्वस्थ होकर पुनः संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय होंगी.
राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रहा है. उनके अनुसार डॉक्टरों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान में कठिनाइयों की शिकायतें सामने आ रही हैं. उन्होंने दावा किया कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले समय में और समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.
शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य के कई विद्यालय एकल शिक्षक व्यवस्था के भरोसे संचालित हो रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता है.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित झारखंड दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे.
राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय सेठ ने कहा कि पार्टी एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाएगी तथा इसकी घोषणा उचित समय पर की जाएगी.
दिल्ली के मालवीय नगर में हुई हालिया दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि संबंधित एजेंसियां मामले पर नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.



