चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बारी गांव में मंगलवार को करंट लगने से एक 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान झलियामरा निवासी शंकर हेंब्रम के रूप में हुई है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंकर हेंब्रम अपने फुआ के घर बारी गांव आया हुआ था. इसी दौरान वह पंखा चालू करने के लिए बिजली बोर्ड का स्विच ऑन कर रहा था. तभी बोर्ड में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया.
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



