जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में भाई- भाई के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है.


मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सोमवार की रात दोनों भाई नशे की हालत में थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि छोटे भाई दुखू हेंब्रम ने सनातन हेंब्रम के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद आरोपी घायल भाई को घर लेकर आया और कमरे में सुला दिया, लेकिन परिजनों को मारपीट की जानकारी नहीं दी. परिवार के लोगों को लगा कि वह नशे के कारण सो रहे हैं. सोमवार रात जब परिजनों को उनकी हालत का पता चला तो सनातन मृत पाए गए.
सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है. घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है.



