खरसावां: थाना के नए थाना प्रभारी के रूप में राहुल कुमार सिंह ने मंगलवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर कार्यभार संभाल लिया है. पदभार ग्रहण करने के बाद राहुल कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून- व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध, अवैध कारोबार, नशाखोरी, छेड़खानी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि अपराधियों के लिए थाना क्षेत्र में कोई जगह नहीं होगी.


नए थाना प्रभारी ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि थाने में आने वाले लोगों को सम्मानजनक वातावरण मिलेगा और उनकी शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी.
राहुल कुमार सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की मित्र है और समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी की भागीदारी आवश्यक है.
नए थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण करने के बाद स्थानीय लोगों में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं. लोगों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



