सरायकेला: दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर आरोपों का सामना कर रहे सरायकेला नगर पंचायत के निलंबित कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. चाईबासा महिला थाना की टीम उनकी तलाश में मंगलवार को सरायकेला पहुंची और कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका.


महिला थाना प्रभारी शीला मिंज ने बताया कि मामले में न्यायालय से समीर बोदरा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है. पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन आरोपी का मोबाइल फोन बंद है और वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं, जिससे गिरफ्तारी में कठिनाई हो रही है.
पुलिस के अनुसार तकनीकी माध्यमों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी का लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि कानून से कोई भी व्यक्ति लंबे समय तक नहीं बच सकता और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
महिला थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि यदि समीर बोदरा स्वेच्छा से न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हैं. एक सरकारी अधिकारी के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों और गिरफ्तारी से बचने की कोशिशों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस की टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जता रही है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



