बोकारो: बालीडीह स्थित बीएमडब्ल्यू प्लांट को धमकी देकर रंगदारी वसूलने की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है. मामले में गिरफ्तार राकेश कुमार से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिससे कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क की परतें खुलने लगी हैं.


जानकारी के अनुसार, 12 मार्च 2026 को बीएमडब्ल्यू प्लांट के मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने बालीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में फैक्ट्री संचालन के एवज में रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया गया था. इसके बाद पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर मामले की जांच शुरू की.
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार राकेश कुमार सीधे प्रिंस खान के संपर्क में था और अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से बातचीत करता था. आरोप है कि प्रिंस खान के निर्देश पर ही उसने अपने हाथों से धमकी भरा पर्चा लिखा और उसे कंपनी तक पहुंचाया. बाद में उसी पर्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर कंपनी पर दबाव बनाने की कोशिश की गई.
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि इस काम के बदले आरोपी को दो अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.50 लाख रुपये भेजे गए थे. पुलिस अब इस रकम के लेन-देन और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
आरोपी के पास से बरामद रेडमी-8 मोबाइल फोन से पुलिस को कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं. मोबाइल में व्हाट्सएप कॉल, बातचीत के रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी प्रमाण मिले हैं, जो जांच को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं.
पुलिस का दावा है कि राकेश कुमार बोकारो क्षेत्र में प्रिंस खान गैंग का प्रमुख सहयोगी था और इलाके में गैंग का प्रभाव बढ़ाने का काम कर रहा था. फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है. इस संबंध में मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और प्राप्त डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



