देवघर: आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर देवघर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने की. बैठक में देवघर और दुमका के अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और मेला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की.


मंत्री ने कहा कि 31 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला के दौरान देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला अवधि में आउट ऑफ टर्न, वीआईपी और वीवीआईपी दर्शन की व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी. इस निर्णय का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को समान अवसर प्रदान करना है.
बैठक के दौरान बिजली, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, पर्यटन, नगर निगम और पुलिस विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई. विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए मंत्री ने समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए.
साथ ही, उन्होंने देवघर- वासुकीनाथ फोरलेन सड़क परियोजना को श्रावणी मेला शुरू होने से पहले पूरा कराने पर विशेष जोर दिया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किए जाएं.
सरकार का लक्ष्य इस वर्ष श्रावणी मेला को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है, ताकि देश- विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



