जामताड़ा: बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से आर्ट ऑफ लिविंग परिवार द्वारा पांच दिवसीय विशेष ‘रामायण संस्कार शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर 10 जून से 14 जून 2026 तक गांधी मैदान स्थित क्लब हाउस में प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित होगा.


जिला मीडिया समन्वयक विजय भगत ने बताया कि यह कार्यक्रम विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर द्वारा डिजाइन किए गए ‘श्री श्री संस्कार केंद्र’ कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है. शिविर का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग की फैकल्टी डॉ. संध्या सिन्हा के मार्गदर्शन में किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल रामायण की कथा सुनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के मानसिक, आत्मिक और चारित्रिक विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया एक समग्र व्यक्तित्व विकास पाठ्यक्रम है. इसमें 7 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे भाग ले सकेंगे.
पांच दिवसीय इस शिविर में बच्चों को रोचक और आधुनिक शैली में राम कथा का श्रवण कराया जाएगा. इसके साथ ही दोहा-चौपाई गायन, भावपूर्ण रामचरितमानस पाठ, रामायण आधारित बौद्धिक खेल, ध्यान, योगाभ्यास तथा रामायण से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी भी दी जाएगी. आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और अच्छे संस्कारों का विकास करना है. आर्ट ऑफ लिविंग परिवार ने जिले के अभिभावकों से अपने बच्चों को शिविर में शामिल कराने की अपील की है ताकि वे भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से परिचित हो सकें.
सीमित सीटों के कारण पंजीकरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जा रहा है. इच्छुक अभिभावक मोबाइल नंबर 9431951530, 9431942585 और 7979950192 पर संपर्क कर सकते हैं. ऑनलाइन पंजीकरण के लिए aolt.in का उपयोग किया जा सकता है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



