बोकारो: न्याय की मांग को लेकर पिछले 8 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे अनशनकारी सतीश जायसवाल का अनशन आखिरकार जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया. सोमवार देर शाम करीब 7 बजे उपायुक्त स्वयं अनशन स्थल पहुंचे और सतीश जायसवाल से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना.


इस दौरान उपायुक्त ने अनशनकारी को निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय दिलाने का भरोसा दिया. मौके पर ही उन्होंने चास के अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढाडा से फोन पर बातचीत कर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और पूरे प्रकरण की समीक्षा करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त से मिले आश्वासन के बाद सतीश जायसवाल ने अपना 8 दिन पुराना अनशन समाप्त कर दिया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिए जाने के बाद उन्होंने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है.
बताया जाता है कि सतीश जायसवाल अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे. उनका आरोप था कि लंबे समय तक आंदोलन के बावजूद उनकी समस्याओं पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई. हालांकि उपायुक्त के सीधे हस्तक्षेप और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त हो गया.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



