रांची: केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आईपीएस कैडर आवंटन अधिसूचना में देशभर के 147 अधिकारियों को विभिन्न राज्यों और संयुक्त कैडरों में नियुक्ति दी गई है. अधिकारियों को उनकी रैंक, श्रेणी और कैडर वरीयता के आधार पर राज्यों का आवंटन किया गया है. इस बार झारखंड कैडर को छह नए आईपीएस अधिकारी मिले हैं, जिससे राज्य की पुलिस व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.


झारखंड कैडर पाने वाले अधिकारियों में राज्य के दो अभ्यर्थी भी शामिल हैं. झारखंड के करन कुमार और सौरभ राजेंदु को अपने गृह राज्य में सेवा देने का अवसर मिला है. वहीं दिल्ली के काबिल भार्गव और पुलकित बंसल, उत्तर प्रदेश की मानसी सिंह तथा राजस्थान के कर्मवीर नरवाडिया को भी झारखंड कैडर आवंटित किया गया है. इन सभी अधिकारियों ने संघ लोक सेवा आयोग की कठिन परीक्षा और प्रशिक्षण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद भारतीय पुलिस सेवा में स्थान प्राप्त किया है.
कैडर आवंटन सूची में झारखंड के एक अन्य सफल अभ्यर्थी राज कुमार महतो का नाम भी शामिल है. हालांकि उन्हें झारखंड कैडर नहीं मिला है. कैडर नीति के तहत उनका आवंटन केरल कैडर में किया गया है. प्रशासनिक व्यवस्था में यह प्रक्रिया सामान्य मानी जाती है, जिसके तहत कई अधिकारियों को उनके गृह राज्य के बजाय अन्य राज्यों में सेवा का अवसर दिया जाता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि विभिन्न राज्यों के अधिकारियों के बीच अनुभवों के आदान- प्रदान से प्रशासनिक दक्षता बढ़ती है और शासन व्यवस्था को नए दृष्टिकोण मिलते हैं. झारखंड को मिले छह नए आईपीएस अधिकारियों की नियुक्ति से कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी.



