चतरा: पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चरकाखुर्द गांव से भारी मात्रा में प्रतिबंधित अफीम डोडा बरामद किया है. सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई.


छापेमारी के दौरान तस्कर सुनील कुमार के घर से छह अलग-अलग प्लास्टिक बोरियों में रखा गया 83 किलो 790 ग्राम प्रतिबंधित अफीम डोडा बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार जब्त डोडा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है.
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि बरामद डोडा को बिहार में सप्लाई करने की तैयारी थी. पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि इस अवैध कारोबार में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों को भी कानून के शिकंजे में लाया जा सके.
प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ ने अंतरराज्यीय नशा तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि चतरा पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. जिले को किसी भी कीमत पर नशा कारोबारियों का सुरक्षित ठिकाना नहीं बनने दिया जाएगा. उन्होंने आम लोगों से भी नशा तस्करी से जुड़ी सूचना पुलिस को देने की अपील की.
इस अभियान में प्रतापपुर अंचल अधिकारी विकास कुमार टुडू, थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.



