जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिर में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के 57वें ब्रह्मोत्सवम एवं श्री वेंकटेश्वर स्वामी कल्याण महोत्सव का आयोजन 24 जून से 5 जुलाई 2026 तक भव्य रूप से किया जाएगा. 12 दिवसीय यह धार्मिक महोत्सव तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम् की परंपराओं और वैदिक रीति-रिवाजों के अनुरूप संपन्न होगा.


मंदिर समिति के डिप्टी प्रेसिडेंट जम्मी भास्कर ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेकम्, वाहन सेवाएं, नगर भ्रमण, रथोत्सव तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा. इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है. तिरुपति से आमंत्रित वैदिक विद्वान एवं पुरोहित सभी धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन करेंगे.
उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत से आए विशेष कारीगरों द्वारा तिरुपति लड्डू प्रसादम् की तर्ज पर विशेष प्रसाद तैयार किया जाएगा, जिसका वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया जाएगा. महोत्सव का शुभारंभ 24 जून को अंकुरार्पणम् एवं वैदिक अनुष्ठानों के साथ होगा.

महोत्सव के दौरान भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी विभिन्न दिव्य वाहनों जैसे सूर्यप्रभा, हंस, गरुड़, शेष, हनुमत, गज, अश्व, चंद्रप्रभा एवं पुष्पक वाहन पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे. इस दौरान श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.
आयोजन का प्रमुख आकर्षण 1 जुलाई को आयोजित होने वाला भव्य रथोत्सव होगा. सुबह 6 बजे भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी की रथयात्रा आंध्र भक्त श्री राम मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य डाकघर, बिष्टुपुर तक जाएगी तथा शाम 6 बजे पुनः मंदिर परिसर लौटेगी. इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु रथ की रस्सियां खींचेंगे और पूरा क्षेत्र ‘गोविंदा-गोविंदा’ के जयघोष से गूंज उठेगा.
महोत्सव के अंतिम चरण में 4 जुलाई को पुष्प यागम्, पूर्णाहुति, ध्वज अवरोहणम् एवं महाकुंभाभिषेकम् जैसे महत्वपूर्ण वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे. वहीं 5 जुलाई को भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी, श्रीदेवी एवं भूदेवी के दिव्य विवाहोत्सव अर्थात श्री वेंकटेश्वर स्वामी कल्याण महोत्सव के साथ आयोजन का समापन होगा.
मंदिर समिति के अध्यक्ष बी.डी. गोपाल कृष्णा ने जमशेदपुर और आसपास के श्रद्धालुओं से इस भव्य धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि 12 दिनों तक आंध्र भक्त श्री राम मंदिर परिसर में तिरुपति धाम जैसा आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिलेगा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



