पलामू: पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल सिंह गैंग के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी सड़क निर्माण कार्य में लगी एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से रंगदारी वसूलने और दहशत फैलाने की साजिश रच रहे थे.


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 30 मई की रात हैदरनगर थाना क्षेत्र से गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गैंग के सदस्य निर्माण कंपनी पर दबाव बनाने और रंगदारी वसूलने के लिए किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं. सूचना के आधार पर एसडीपीओ हुसैनाबाद के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने संदिग्ध स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की. इस दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध 9 एमएम पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, छह मिसफायर गोलियां, एक खाली मैगजीन और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए.
पूछताछ में आरोपियों ने राहुल सिंह गैंग के लिए काम करने की बात स्वीकार की. उन्होंने बताया कि निर्माण कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों में भय पैदा कर रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से वे वहां जुटे थे. पुलिस के अनुसार गैंग पहले भी कंपनी प्रबंधन पर दबाव बनाने और रंगदारी मांगने का प्रयास कर चुका है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लातेहार जिले के विक्रांत सिंह उर्फ सिकराम सिंह, मधुकांत प्रजापति, संतोष राम और विक्रम राम के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि विक्रांत सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी रंगदारी तथा धमकी से जुड़े मामलों में सक्रिय रहा है.
पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया. मामले की जांच जारी है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है.



